हल्दीबाड़ी से बड़ीबाजार तक सड़क का निर्माण शुरू हुआ, मिलेगी राहत

भास्कर न्यूज | चिरमिरी चिरमिरी नगर में बहुप्रतीक्षित हल्दीबाड़ी कालीबाड़ी से बड़ीबाज़ार तक पहुंच मार्ग के निर्माण कार्य का शुभारंभ महापौर व अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया गया। भाजपा के पदाधिकारियों ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि यह सड़क स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रयासों का परिणाम है। उनका कहना है कि सड़क निर्माण से हल्दीबाड़ी और बड़ा बाजार के बीच यातायात सुगम होगा, व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी और आम नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा प्राप्त होगी। वहीं, कांग्रेस ने प्रशासन पर दबाव में कार्य शुरू करने का आरोप लगाया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शिवांश जैन ने कहा कि चिरमिरी की जनता पिछले दो वर्षों से टूटी-फूटी सड़कों से परेशान थी और जन-पीड़ा को लेकर पार्टी ने कई ज्ञापन सौंपे, शिकायतें दर्ज कराईं और आंदोलन की चेतावनी दी। उनके अनुसार प्रशासन पर दबाव बढ़ने के बाद ही सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया। भाजपा इसे सरकार की विकास सोच और जनप्रतिनिधियों की उपलब्धि बता रही है, जबकि कांग्रेस इसे अपने आंदोलन और दबाव का परिणाम मान रही है। राजनीतिक दावों के बीच आम जनता की अपेक्षा है कि सड़क निर्माण गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा हो, ताकि परेशानी का स्थायी समाधान हो।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *