गिरिडीह | झारखंड स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक की चेयरमैन विभा सिंह ने शनिवार को गिरिडीह जिले के छह को-ऑपरेटिव बैंक शाखा प्रबंधकों के साथ मुख्य सभागार में समीक्षा बैठक की। बैठक में बैंक कार्यों की समीक्षा की गई। चेयरमैन ने बैंक प्रबंधकों को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्देश दिया कि वर्ष 2012 से लंबित 500 एनपीए ऋण की 32 करोड़ की राशि मार्च के अंतिम सप्ताह तक सख्ती से वसूली जाए। एनपीए ऋण वसूली में लापरवाही बरतने वाले बैंक प्रबंधकों पर कार्रवाई होगी। चेयरमैन ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में झारखंड स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक को 100 करोड़ का मुनाफा अर्जित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसे हर हाल में पूरा करना होगा। बैंक में डिपॉजिट बढ़ाने के साथ खाताधारकों को गुणवत्तापूर्ण ऋण वितरण करने और किसानों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया।


