नगर पालिका बालोद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष और पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित होगा। पहले यह कार्यक्रम 4 मार्च को प्रस्तावित था, लेकिन अब इसे आगे बढ़ाकर 8 मार्च को तय किया गया है। नगर पालिका की नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी और भाजपा नेताओं से चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया। इससे पहले 6 मार्च को विधिवत पूजा-अर्चना के साथ पदभार ग्रहण किया जाएगा। चूंकि 6 मार्च की शाम से होलाष्टक प्रारंभ हो जाएगा। इसलिए हिंदू परंपराओं के अनुसार शुभ कार्य 8 मार्च को किए जाएंगे। गंगा मैया मंदिर में मांगी थी जीत की मन्नत बालोद नगर पालिका चुनाव के दौरान भिलाई के विधायक रिकेश सेन ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी की जीत के लिए झलमला स्थित गंगा मैया मंदिर में मन्नत मांगी थी। चुनाव परिणाम आने के बाद शनिवार को विधायक सेन, प्रतिभा चौधरी और भाजपा कार्यकर्ता मंदिर पहुंचे। जहां उन्होंने माता को सोने की तिलक अर्पित की और बालोद के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में उपमुख्यमंत्री होंगे मुख्यातिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष अमित चोपड़ा ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह 8 मार्च को सुबह 10 बजे नगर पालिका कार्यालय में आयोजित होगा। इस कार्यक्रम को भव्य बनाने की तैयारियां जोरों पर हैं। नगर पालिका प्रशासन और भाजपा कार्यकर्ता समारोह की सफलता सुनिश्चित करने में जुटे हुए हैं। नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी ने बताया कि समारोह में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव मुख्यातिथि होंगे। वहीं वित्त मंत्री ओपी चौधरी, भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव और धमतरी के महापौर जगदीश रामू रोहरा सहित भाजपा के बड़े नेताओं को आमंत्रित किया गया है। नगर पालिका उपाध्यक्ष पद के लिए दो नामों पर चर्चा बालोद नगर पालिका उपाध्यक्ष पद को लेकर गहन मंथन जारी है। शनिवार शाम तक चुनाव प्रभारी रिकेश सेन ने बारी-बारी से पार्षद, और कोर कमेटी के सदस्यों से नामों के बारे में जानकारी ली। ऐसे में बताया जा रहा है कि उपाध्यक्ष पद के लिए कमलेश सोनी और राजू भाई पटेल का नाम सबसे आगे है। कमलेश सोनी पांचवीं बार पार्षद चुने गए हैं और इस बार भी रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज की है। वे भाजपा मंडल अध्यक्ष, जिला महामंत्री (युवा मोर्चा) और जल विभाग के 10 साल तक सभापति रह चुके हैं। दोनों उपाध्यक्ष पद के लिए प्रबल दावेदार वहीं राजू भाई पटेल तीसरी बार पार्षद बने हैं, वे चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष हैं और भाजपा के व्यावसायिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक रह चुके हैं। व्यापारी समुदाय में उनकी मजबूत पकड़ है। यही वजह है कि दोनों उपाध्यक्ष पद के लिए प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। भाजपा में अक्सर चौंकाने वाले फैसले लिए जाते रहे हैं, ऐसे में इनकार नहीं किया जा सकता कि उपाध्यक्ष पद के लिए भी पार्टी कोई बड़ा फैसला ले सकती है। यही वजह है कि पहली बार के पार्षद बने दो युवा पार्षद को भी तीसरे दावेदार के रूप में देखा जा रहा है।


