दंपती से 128 ग्राम हेरोइन, 75 ग्राम अफीम जब्त:10 लाख रुपए बरामद, 3 जिंदा कारतूस भी मिले; रायसिंहनगर में नशा तस्करी पर कार्रवाई

श्रीगंगानगर की रायसिंहनगर पुलिस ने नशे के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए नशा तस्कर एक दंपती को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों से 128 ग्राम चिट्टा (हेरोइन), 75 ग्राम अफीम व नशा बिक्री की 10 लाख 83 हजार 390 की नगदी भी घर से बरामद हुई है। आरोपियों के कब्जे से तीन जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भंवरलाल के निर्देशन में थाना प्रभारी सत्यनारायण गोदारा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। आरोपी आशीष राठी एक मामले में भी वांछित था। वहीं, पुलिस को नशा बेचने को लेकर के काफी समय से सूचना मिल रही थी। जिस पर पुलिस ने आरोपी आशीष राठी के वार्ड नंबर 25 में स्थित घर पर दबिश दी। इस कार्रवाई में आरोपी आशीष राठी व उसकी पत्नी सिमरन को पुलिस ने गिरफ्तार किया है‌। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध नशा तस्करी तथा अन्य अपराधों को लेकर कई मामले पुलिस थाना में दर्ज हैं। आरोपी सिमरन पहले एनडीपीएस के मामले में जेल जा चुकी है तथा कुछ समय पहले जमानत पर रिहा हुई है। पुलिस आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है तथा नशे के इस अवैध कारोबार में अन्य की लिप्तता को लेकर भी पूछताछ कर रही है। रायसिंहनगर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट सहित आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *