बारां के नियाना सर्किल के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार एक युवक की मौत हो गई। हादसे में दूसरा युवक गंभीर घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक की पहचान कुंजबिहार कॉलोनी निवासी नितेश प्रजापति (20) के रूप में हुई है। नितेश अपने दोस्त राहुल योगी के साथ किशनगंज में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। वापसी के दौरान नियाना सर्किल के पास यह हादसा हुआ। राहगीरों ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद नितेश को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल राहुल को प्राथमिक इलाज के बाद कोटा रेफर किया गया। कोतवाली थाने के हेड कॉन्स्टेबल हरिनारायण नागर ने बताया कि रविवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


