दतवास थाना क्षेत्र में बीती रात को अज्ञात चोरों ने तीन मकानों के ताले तोड़कर उनमें रखे दो लाख इक्कीस हजार रुपए, एक किलो वजनी चांदी के कड़े और कुछ कपड़े चुराकर ले गए। घटना के समय पीड़ित परिवार गांव में शादी समारोह और निजी काम से बाहर गए हुए थे। इसका पता रविवार अल सुबह लगने के बाद पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी । रविवार को पुलिस मौके पर पहुंची और जायजा लिया। पीड़ित हिंगोनियां ग्राम पंचयात क्षेत्र के लक्ष्मी दामोदरपुरा निवासी घासी लाल गुर्जर ने बताया कि उसके नए मकान का काम चल रहा है। सोमवार को छत डलने वाली थी। उसके लिए घर में दो लाख दस हजार रुपए की व्यवस्था कर घर में रख रखा था। पत्नी व बच्चा मोहल्ले में धार्मिक कार्यक्रम में गई थी। पीछे से अज्ञात चोरों ने सुने मकान का ताला तोड़कर कमरे में रखे दो लाख दस हजार रुपए ले गए। दूसरी चोरी इसी ढाणी में रमेश बैरवा के घर में हुई। इसके घर की सीमेंट की जालियां तोड़कर चोर पीड़ित की स्वर्गीय मां की रखी एक किलो वजनी चांदी की पैरों की कड़िया ले गए। तीसरी चोरी हिंगोनियां ग्राम पंचायत की ही सरपंच की ढाणी बाढ़ रामपुरा में पूर्व सरपंच हनुतीलाल गुर्जर के मकान में हुई। चोरों ताला तोड़कर करीब ग्यारह हजार रुपए और कुछ कपड़े चुरा ले गए। पीड़ित परिवार बीती रात को शादी समारोह में गया हुआ था। ग्रामीण रामजस अवाना ने बताया कि दौसा-कोथून हाईवे से पेट्रोल पंप के सामने खेतों की तारबंदी पांच जगह से कटी पड़ी थी। इससे लगता है कि चोर तारबंदी को काटते हुए गांव में गए थे और फिर चोरी की । इनपुट: रामबिलास लांगड़ी, दतवास।


