भास्कर न्यूज | कोरबा चलो आयुर्वेद की ओर मिशन के तहत लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, पतंजलि चिकित्सालय व शिव औषधालय के संयुक्त तत्वाधान आयुर्वेदिक इम्यूनाइजेसन प्रोग्राम से बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने बच्चों का टीकाकरण किया। शनिवार को अति शुभ पुष्य नक्षत्र में बच्चों का स्वर्ण बिन्दु प्राशन संस्कार कराया गया। नाड़ी वैद्य डॉ. शर्मा ने बच्चों को स्वर्ण बिन्दु प्राशन ड्रॉप्स पिलाकर आयुर्वेद पद्धति से टीकाकरण किया गया। उन्होंने कहा कि सर्दी की विदाई के साथ गर्मी की शुरूआत हो गई है। ऋतु परिवर्तन के इस काल को संधिकाल कहते हैं। आयुर्वेद के अनुसार बाह्य प्रकृति में बदलाव आने के साथ हमारे शरीर के अंदर भी परिवर्तन होता है। जरा सी असावधानी से अनेक तरह के दुष्प्रभाव शारीरिक रोग जैसे सर्दी, खांसी, बुखार वमन, अतिसार, चक्कर का आना प्रभावित करते हैं। जिसका ज्यादा असर बच्चो में देखने को मिलता है क्योंकि उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होती है। वे ऋतुओं के परिवर्तन के इस संधिकाल से प्रभावित होकर रोगग्रस्त हो जाते हैं। स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार से बच्चों की पाचन तंत्र की क्रिया सम्यक होकर उनकी धातुएं पुष्ट होती है। साथ ही उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है। जिससे वो ऋतुओं के इस परिवर्तन के संधिकाल में होने वाले दुष्प्रभावो से सुरक्षित रहते हैं। शिविर में नाड़ीवैद्य शिव औषधालय की संचालिका प्रतिभा शर्मा, नेत्रनंदन साहू, कमल धारिया, अश्वनी बुनकर, सिद्धराम शाहनी, राकेश इस्पात, देवबली कुंभकार व पंचकर्म टेक्निशियन रूबी उपस्थित थे।


