कम्युनिटी रिपोर्टर | दुर्ग छत्तीसगढ़ प्रदेश कुर्मी क्षत्रिय समाज द्वारा शिवाजी जयंती का आयोजन सकरौद, तहसील गुंडरदेही, जिला बालोद में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत छत्रपति शिवाजी महाराज की पूजा से की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सांसद व समाज के प्रदेश अध्यक्ष विजय बघेल ने कहा कि 19 फरवरी 1630 को जन्मे छत्रपति शिवाजी महाराज अदम्य इच्छाशक्ति के प्रतीक थे। 3 अप्रैल 1680 तक के अपने जीवनकाल में उन्होंने मात्र 50 वर्ष की आयु में ऐसा कार्य किया जो सदियों तक प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने समाज को संगठित होकर वीरता, सेवा और राष्ट्रहित की भावना से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कुर्मी समाज को सर्वशक्तिमान एवं संगठित बनाने में बालोद जिला अग्रणी भूमिका निभा रही है। वक्ताओं ने कहा कि आज समाज के युवा राजनीति एवं सामाजिक सेवा में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं, जो जागरूकता का प्रमाण है। सांसद ने जनप्रतिनिधियों और समाज के वरिष्ठों को शाल, श्रीफल एवं शिवाजी महाराज की फोटो फ्रेम भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बालोद जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र देशमुख ने की।


