क्राइम रिपोर्टर।रांची चुटिया थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित सीनेट होटल में रविवार को पुलिस ने छापेमारी कर सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई की भनक लगते ही होटल में अफरातफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। पुलिस की टीम ने मौके से 5 युवतियों व महिलाओं समेत कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से कई आपत्तिजनक स्थिति में भी पकड़े गए हैं। पूछताछ में युवतियों ने देह व्यापार में संलिप्त होने की बात स्वीकार की और गिरोह के सरगना से जुड़ी अहम जानकारियां दीं। उन्होंने बताया कि वे मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं और कुछ दिन पहले ही उन्हें रांची बुलाया गया था। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। सिटी डीएसपी केवी रमण तीन थानेदारों के साथ दोपहर करीब 1:30 बजे होटल पहुंचे। महिला थाना प्रभारी और महिला पुलिसकर्मी भी टीम में शामिल थीं। छापेमारी के दौरान होटल से निकलने वाले सभी रास्तों को क्यूआरटी ने घेर लिया था। कमरों की तलाशी लेने पर कई युवतियां आपत्तिजनक हालत में मिलीं। एक ग्राहक को भी मौके से गिरफ्तार किया गया। युवतियों की निशानदेही पर गिरोह का संचालन करने वाले दो अन्य आरोपियों को भी दबोचा गया।


