अमनदीप सिंह जिले के 25 मेधावी विद्यार्थी 28 फरवरी शनिवार को हवाई मार्ग से जयपुर के लिए रवाना हुए। पिछले वर्ष 10वीं कक्षा की मेरिट सूची में स्थान हासिल करने वाले ये सभी छात्र वर्तमान में 11वीं कक्षा के साइंस स्ट्रीम के विद्यार्थी हैं। शिक्षा विभाग की विशेष पहल के तहत आयोजित इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों के ज्ञान और कौशल विकास को नई दिशा देना है। बच्चों के साथ तीन शिक्षक भी रवाना हुए हैं, जो पूरे दौरे के दौरान उनका मार्गदर्शन करेंगे। विभागीय अधिकारियों के अनुसार छात्र जयपुर में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, विज्ञान केंद्रों और ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। इस दौरान उन्हें नई तकनीकों, प्रयोगात्मक शिक्षण पद्धतियों और प्रतिस्पर्धी माहौल को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। रवाना होते समय विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अवसर बच्चों के आत्मविश्वास को नई उड़ान देते हैं। पांच दिनों तक विद्यार्थी वहां ज्ञान का भंडार इकट्ठा करेंगे और 4 मार्च को वापस लौटेंगे। खास बात यह है कि जयपुर से ही छात्र अपने अनुभव अभिभावकों और यहां के शिक्षकों के साथ साझा कर रहे हैं, जिससे अन्य विद्यार्थियों में भी उत्सुकता बढ़ रही है। विभाग का मानना है कि यह अनुभव छात्रों के शैक्षणिक और व्यक्तिगत विकास में मील का पत्थर साबित होगा। जिला शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने रवाना होने से पहले विद्यार्थियों को अनुशासन, जिज्ञासा और सीखने की ललक बनाए रखने की सीख दी। उन्होंने कहा शैक्षणिक भ्रमण केवल यात्रा नहीं, बल्कि आपके भविष्य की मजबूत नींव है। आप सभी जिले का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, इसलिए हर स्थान से नई जानकारी और प्रेरणा लेकर लौटें। विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए व्यावहारिक अनुभव बेहद जरूरी है। विभाग का प्रयास है कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बड़े शहरों के संस्थानों से जोड़कर उनके दृष्टिकोण का विस्तार किया जाए।


