फाजिल्का | जिला मजिस्ट्रेट अमरप्रीत कौर संधू ने बीएनएसएस की धारा 163 के तहत प्राप्त अधिकारों का उपयोग करते हुए जिले में विभिन्न पाबंदियों के आदेश जारी किए हैं। ये पाबंदियां 30 अप्रैल, 2025 तक लागू रहेंगी और उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आदेशों के तहत जिला मजिस्ट्रेट ने जिले में 50 माइक्रोन से कम मोटाई, 8*13 आकार से छोटे और निर्धारित रंग के बिना बने अनुपयुक्त प्लास्टिक के लिफाफों के निर्माण और उपयोग पर पाबंदी लगा दी है। इसके अलावा, इन लिफाफों को नालियों, सीवरेज या सार्वजनिक स्थलों पर फेंकने पर भी रोक लगाई गई है। इसके परिणामस्वरूप पर्यावरण और स्वास्थ्य से जुड़ी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। एक अन्य आदेश के तहत फाजिल्का के बॉर्डर से सटे गांवों और बीपीओ के आसपास शाम 6 से सुबह 8 बजे तक आम जनता के आवागमन पर पाबंदी लगाने के निर्देश दिए हैं। यह पाबंदी सेना, बीएसएफ, पुलिस, ठेकेदारों और उन मजदूरों पर लागू नहीं होगी जो सैन्य क्षेत्र में कार्यरत हैं या सक्षम अधिकारी द्वारा जारी परमिट के तहत आते हैं। जिला मजिस्ट्रेट ने जिला फाजिल्का की सीमा के भीतर कोबरा/कंटीली तार को बेचने, खरीदने और उपयोग करने पर पाबंदी लगाई है। जिला मजिस्ट्रेट ने बताया कि जिले में संचालित मैरिज पैलेसों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान कई लोग हथियार लेकर जाते हैं और हवाई फायरिंग करना एक फैशन बन गया है, जिससे कभी-कभी अप्रिय घटनाएं घटित होने की संभावना बनी रहती है। इसलिए, जिले में चल रहे मैरिज पैलेसों के अंदर हथियार लेकर जाने और हवाई फायरिंग करने पर पाबंदी लगाना आवश्यक है।


