ब्रेकर पर ट्रक धीमा हुआ तो चोर ने निकाली धान की बोरी

भास्कर न्यूज | जांजगीर खोखरा जिला जेल बिल्डिंग के पास ब्रेकर पर धान लोड ट्रक को ड्राइवर ने धीमा किया। कुछ युवक ट्रक पर चढ़े और धान की बोरियां को गिराकर ले गए। इसकी जानकारी होने पर ट्रक ड्राइवर ने चोरों का पीछा किया। तब चोर स्कूटी छोड़कर वहां से भाग निकले। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार मरकाडीह िनवासी जयपाल कश्यप पिता बाबूलाल कश्यप ट्रक ड्राइवर है। वह अपने ट्रक क्रमांक सीजी 12 एस 1093 को लेकर चोरिया धान खरीदी केंद्र पहुंचा। यहां उसने ट्रक में धान लोड किया और उसे लेकर अमरताल स्थित धान संग्रहण केंद्र की ओर रवाना हुआ। रात लगभग साढ़े बारह बजे वह जांजगीर के जिला जेल बिल्डिंग के पास पहुंचा। यहां ब्रेकर होने की वजह से उसने ट्रक की स्पीड कम की और ब्रेकर को क्रॉस करने लगा। इसी बीच उसके ट्रक पर कुछ लोग चढ़ गए और धान की बोरियां गिराने लगे। वह पुटपुरा मोड़ के पास पहुंचा तो वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने उसके ट्रक में कुछ लोगों के चढ़े होने की जानकारी दी। उसने मोड़ पास ट्रक रोका और नीचे उतरा तो एक स्कूटी क्रमांक सीजी 11 एटी 5490 खड़ी मिली, जिसमें दो बोरियां धान की रखी थी। उसने आसपास तलाश की, मगर गाड़ी मालिक की कहीं कोई जानकारी नही मिली। घटना के बाद जयपाल ने इसकी जानकारी ट्रक मालिक को दी और थाना पहुंचकर इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई। बहरहाल पुलिस ने मामले में स्कूटी मालिक पर केस दर्ज किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *