भास्कर न्यूज| जांजगीर इस साल होने वाले नीट के फॉर्म भरने के लिए पहले के नियमों में कुछ बदलाव किया गया है। इस बार 10वीं की अंकसूची के साथ आधार कार्ड व जाति प्रमाणपत्र अपलोड करना अनिवार्य है। इसे अपलोड किए बिना फॉर्म सबमिट नहीं होगा। 7 मार्च तक फॉर्म भरने की अंतिम तिथि है। तब तक जिले के लगभग 3600 हजार से ज्यादा छात्र फॉर्म भरने की संभावना है। 4 मई को नीट होगी। इसमें क्वालिफाइड छात्र एमबीबीएस व बीडीएस में प्रवेश के लिए पात्र होंगे। प्रदेश में इस साल एमबीबीएस की 2130 व बीडीएस की 700 सीटों पर प्रवेश होगा। इसके लिए 7 फरवरी में फॉर्म भराया जा रहा है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) नीट का आयोजन करेगा। प्रदेश में 10 सरकारी व 5 निजी मेडिकल कॉलेज हैं। वहीं, एक सरकारी समेत 6 डेंटल कॉलेज चल रहे हैं। इस साल एक नया निजी डेंटल कॉलेज में बीडीएस की 100 सीटें मिलने की संभावना हैं। पिछले साल प्रदेश के 43 हजार से ज्यादा छात्र नीट में शामिल हुए थे। इनमें 22 हजार से ज्यादा छात्र क्वालिफाइड हुए थे। सरकारी मेडिकल कॉलेजों की 82 फीसदी सीटें स्टेट कोटे के लिए हैं। इसमें छत्तीसगढ़ मूल के छात्रों को एडमिशन देने का नियम है। जबकि 15 फीसदी सीटें ऑल इंडिया व 3 फीसदी सीटें सेंट्रल पूल की होती हैं। इसमें दिल्ली से सीटों का आवंटन होता है। दूसरी ओर, निजी कॉलेजों में 42.5-42.5 फीसदी सीटें स्टेट व मैनेजमेंट तथा 15 फीसदी सीटें एनआरआई कोटे के लिए तय हैं। जांजगीर के रसायन विशेषज्ञ प्रभात पटेल ने बताया कि इस साल नीट की परीक्षा 4 मई को आयोजित की जाएगी। परीक्षा में भौतिक, रसायन, जन्तु विज्ञान, पादप विज्ञान विषय के सवाल पूछे जाएंगे। प्रत्येक विषय से 45-45 प्रश्न पूछे जाएंगे। उन्होंने बताया कि नीट की परीक्षा में एनसीआरटी पाठ्यक्रम से ही सवाल पूछे जाते है। इसलिए कक्षा 11वीं और 12वीं के पुस्तकों को आदर्श मानकर परीक्षार्थी परीक्षा की तैयारी करें।


