भास्कर न्यूज | बालोद बालोद सहित अन्य राज्यों के सरकारी, निजी स्कूलों में पहुंचकर 2 घंटे तक स्किल डेवलपमेंट की कार्यशाला लगाकर क्लास लेकर छात्र-छात्राओं की स्मरण शक्ति बढ़ाने, परीक्षा की तैयारी कराने श्रवण सारथी फाउंडेशन अच्छी पहल कर रही है। फाउंडेशन के ट्रेनर भास्कर साहू फ्री में कौशल विकास कार्यशाला आयोजित कर बच्चों को विभिन्न पहलुओं पर ज्ञानवर्धक जानकारी देकर उनकी समस्या का समाधान कर रहे हैं। शनिवार को शासकीय माध्यमिक शाला मटिया (अर्जुन्दा) में स्मरण शक्ति कैसे बढ़ाएं व परीक्षा की तैयारी कैसे करें इस विषय पर निशुल्क कार्यशाला लगाकर कक्षा 6वीं से 8वीं तक के 78 बच्चों को विभिन्न विषयों पर चर्चा कर जरूरी जानकारी दी। भास्कर ने निमोनिक टेक्निक व मेमोरी मेथड के माध्यम से पढ़ाई को बेहतर बनाने व स्मरण शक्ति बढ़ाने विषय पर चर्चा की। वहीं शिक्षिका पुष्पा चौधरी ने बच्चों को पढ़ाई को रोचक व सरल बनाने और लंबे समय तक विषय को याद करने एवं रिकॉल करने टिप्स दिए। 11 साल में देश के 10 से अधिक राज्यों में पहुंचे मेमोरी एवं ब्रेन साइंस ट्रेनर भास्कर साहू ने बताया कि बालोद, गुंडरदेही, अर्जुन्दा, गुरूर के अलावा प्रदेश के कुरुद, धमतरी, राजनांदगांव, डोंगरगांव, डोंगरगढ़ एवं अन्य जिले के ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों, शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक संस्थाओं में कार्यशाला आयोजित कर चुके हैं। 11 साल में देश के 10 से अधिक राज्यों में 500 से अधिक शैक्षणिक और गैर शैक्षणिक संस्थानों में माइंड व मेमोरी पावर, कैरियर एवं परीक्षा की तैयारी का प्रशिक्षण दिए हैं।


