लातेहार के बालूमाथ स्थित मगध कोलियरी में एक दर्दनाक हादसा हुआ। कोलियरी के 44 नंबर स्टॉक के पास एक अज्ञात हाइवा ने दूसरे हाइवा चालक को कुचल दिया। हादसे में 45 वर्षीय पुनीत राम की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक चतरा जिले के सिमरिया प्रखंड के दाड़ी गांव का रहने वाला था। जानकारी के मुताबिक सुबह पुनीत कोयला लोड करने के बाद अपने हाइवा से उतरा था। इसी दौरान एक अज्ञात हाइवा ने उसे कुचल दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चालक का सिर और शरीर बुरी तरह कुचल गया। मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम घटना की जानकारी मिलते ही बालूमाथ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। हादसे की खबर सुनते ही अन्य हाइवा चालकों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। इससे सीसीएल का परिवहन कार्य पूरी तरह ठप हो गया। बालूमाथ थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि वे स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


