रंगों के बीच भी रखें त्वचा सुरक्षित और निखरी

लुधियाना। होली का त्योहार खुशियों, रंगों और उत्साह से भरा होता है, लेकिन यही रंग हमारी त्वचा के लिए परेशानी भी बन सकते हैं। बाजार में मिलने वाले कई रंगों में केमिकल्स मिले होते हैं, जो स्किन पर रैशेज, एलर्जी, जलन और रूखापन पैदा कर सकते हैं। ऐसे में जरूरी है कि होली खेलने से पहले और बाद में त्वचा की खास देखभाल की जाए। सही तैयारी और थोड़ी सावधानी से आप रंगों का आनंद भी ले सकते हैं और अपनी त्वचा को नुकसान से भी बचा सकते हैं। होली से पहले की तैयारी होली खेलने से पहले त्वचा पर सरसों का तेल, नारियल तेल या मॉइश्चराइज़र अच्छी तरह लगा लें। इससे स्किन पर एक प्रोटेक्टिव लेयर बन जाती है और रंग सीधे त्वचा के संपर्क में नहीं आते। चेहरे, गर्दन, हाथ और पैरों पर खास ध्यान दें। बालों में भी तेल लगाना न भूलें, ताकि रंग बालों की जड़ों को नुकसान न पहुंचाएं। फुल स्लीव कपड़े पहनना बेहतर होता है। इससे शरीर का अधिक हिस्सा ढका रहता है और रंगों का असर कम होता है। अगर आपकी स्किन सेंसिटिव है तो ऑर्गेनिक या हर्बल रंगों का ही इस्तेमाल करें। {होली के बाद की देखभाल रंग खेलने के बाद त्वचा को रगड़-रगड़ कर साफ करने की गलती न करें। हल्के गुनगुने पानी और माइल्ड फेसवॉश या बेसन-दही के घरेलू मिश्रण से धीरे-धीरे रंग हटाएं। ज्यादा केमिकल वाले साबुन का प्रयोग त्वचा को और रूखा बना सकता है। रंग हटाने के बाद स्किन को अच्छे से मॉइश्चराइज़ करना बेहद जरूरी है। एलोवेरा जेल या हल्का मॉइश्चराइजर लगाने से त्वचा को ठंडक और नमी मिलती है। अगर कहीं जलन या खुजली हो रही हो तो तुरंत ठंडे पानी से धोकर डॉक्टर की सलाह लें। {पानी और संतुलित आहार होली के दिन धूप में ज्यादा समय बिताने से शरीर डिहाइड्रेट हो सकता है। इसलिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। ताजे फल और हल्का भोजन त्वचा की चमक बनाए रखने में मदद करते हैं। ज्यादा तला-भुना खाने से बचें, क्योंकि इसका असर भी स्किन पर दिखाई देता है। होली खुशियों का त्योहार है, लेकिन थोड़ी सी लापरवाही आपकी त्वचा की सेहत बिगाड़ सकती है, इसलिए पहले से तैयारी करें, सुरक्षित रंगों का चुनाव करें और बाद में त्वचा को पूरा पोषण दें। सही देखभाल के साथ इस बार होली मनाएं बेफिक्र और खिलखिलाते अंदाज में।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *