बालोद जिले में अर्जुन्दा के गांधी चौक में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। जहां महात्मा गांधी की मूर्ति पर माल्यार्पण के बाद नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रणेश जैन ने शपथ ग्रहण किया। बता दें कि प्रणेश जैन भाजपा के बड़े नेताओं में से एक रहे हैं। जब पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया तो उन्होंने बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। उनके समर्थन में भाजपा से टिकट मिल चुके 5 पार्षद प्रत्याशियों ने अपना टिकट लौटा दिया और निर्दलीय चुनाव लड़ा। इनमें से दो पार्षद प्रशांत टंडन और ईश्वर देवांगन जीतने में सफल रहे। समारोह में अध्यक्ष प्रणेश जैन के पैनल से निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले नवनिर्वाचित पार्षद प्रशांत टंडन और ईश्वर देवांगन ने मंच से ही शपथ ली। वहीं कांग्रेस के 9, भाजपा के 3 और भाजपा से बागी होकर चुनाव लड़ने वाली निर्दलीय पार्षद थिनेश्वरी रोमन सोनकर ने नगर पंचायत के सभाकक्ष में अलग से शपथ ग्रहण किया। 13 वार्डों में अपने प्रत्याशी उतारे जब प्रणेश जैन निर्दलीय मैदान में उतरे तो उन्होंने 13 वार्डों में अपने पार्षद प्रत्याशी उतारे। इनमें से 7 पार्षद प्रत्याशी दूसरे क्रम पर रहे। जबकि इन वार्डों में भाजपा तीसरे क्रम पर खिसक गई। ‘घोषणाओं पर नहीं, काम करके दिखाऊंगा’ प्रणेश जैन ने कहा कि अर्जुन्दा की जनता ने मुझ पर जो विश्वास जताया है। मैं उसकी कसौटी पर खरा उतरूंगा। मैं घोषणाओं पर नहीं बल्कि काम करके दिखाने पर विश्वास रखता हूं। नगर के विकास के लिए मैं पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करूंगा। कार्यक्रम में पूर्व विधायक बालमुकुंद देवांगन, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष हरीश चंद्राकर और सत्यभामा केसरिया विशेष रूप से शामिल हुए। इसके अलावा, प्रणेश जैन ने अर्जुन्दा में निवास करने वाले करीब 28 समाजों के प्रमुखों को आमंत्रित कर उन्हें लाल पगड़ी पहनाया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस की अध्यक्ष प्रत्याशी रही सुषमा चंद्राकर, राष्ट्रपति पुरस्कृत पूर्व शिक्षक पंचराम केशरिया, दुखवा निषाद, डॉ. बुशरा परवीन, पूर्व पार्षद रोशन सिन्हा, पीलूराम देवांगन, राधेश्याम सोनी, चिरंजीवलाल सोनी, कमलेश गांधी, मनराखन गजेन्द्र, लल्ला राम साहू, नीलकंठ साहू प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।


