चंडीगढ़ में दिवाली की रात वर्ष 2021 में पंजाब यूनिवर्सिटी परिसर में हुए सीमा गोयल हत्याकांड में अब कानूनी प्रक्रिया तेज हो गई है। सेक्टर-11 थाना पुलिस ने पंजाब यूनिवर्सिटी के यूनिवर्सिटी बिजनेस स्कूल के प्रोफेसर भरत भूषण गोयल के खिलाफ जिला अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी है। अदालत ने मामले में 6 मार्च से सुनवाई तय की है। पुलिस के अनुसार, नवंबर 2021 में दिवाली की रात प्रोफेसर की पत्नी सीमा गोयल का शव उनके पीयू स्थित आवास से बरामद हुआ था। उनके हाथ-पांव बंधे थे और मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गला दबाकर हत्या की गई थी। वारदात को इतनी सफाई से अंजाम दिया गया था कि करीब चार साल तक पुलिस मामले की गुत्थी नहीं सुलझा सकी। पुलिस को सुनाई थी लूट की कहानी जांच के दौरान प्रोफेसर ने पुलिस को बताया था कि घटना की रात वह घर की ऊपरी मंजिल पर सो रहे थे। सुबह नीचे आने पर उन्होंने पत्नी को बंधा हुआ पाया और दरवाजे की जाली कटी हुई देखी। उनका दावा था कि लुटेरे वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। हालांकि जांच में पता चला कि दरवाजे की जाली अंदर से कटी गई थी। घर से कोई सामान भी गायब नहीं था। ऐसे में लूट की कहानी पर शुरू से ही पुलिस को शक था। जांच एजेंसियों के अनुसार, बयान और घटनास्थल के साक्ष्यों में कई विरोधाभास पाए गए। पालीग्राफ और बीईओएस टेस्ट के बाद गिरफ्तारी करीब 4 साल तक चली जांच के दौरान पुलिस ने कई बार पूछताछ की। नार्को टेस्ट के लिए अदालत से अनुमति मांगी गई, लेकिन फोरेंसिक लैब ने उन्हें अनफिट बताया। बाद में जुलाई 2025 में बीईओएस (ब्रेन इलेक्ट्रिकल ऑसिलेशन सिग्नेचर) टेस्ट कराया गया। पालीग्राफ और बीईओएस टेस्ट की रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर दिसंबर 2025 में पुलिस ने प्रोफेसर को पीयू परिसर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस के मुताबिक प्रोफेसर ने 1995 में सीमा गोयल से दूसरी शादी की थी। पहली शादी महज 20 दिन चली थी। जांच में यह भी सामने आया कि दंपति के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। उनकी एक बेटी है, जिससे भी पुलिस ने पूछताछ की थी। केस की टाइमलाइन….. नवंबर 2021: पीयू कैंपस स्थित घर में सीमा गोयल का शव बरामद नवंबर 2021: प्रोफेसर और उनकी बेटी के बयान दर्ज दिसंबर 2021: पुलिस नार्को टेस्ट की अनुमति के लिए कोर्ट पहुंची मार्च 2022: गुजरात फोरेंसिक लैब ने नार्को टेस्ट के लिए अनफिट बताया अगस्त 2022: पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने पीड़िता के भाई की याचिका पर पुलिस से स्टेटस रिपोर्ट मांगी जुलाई 2025: बीईओएस टेस्ट कराया गया दिसंबर 2025: प्रोफेसर की गिरफ्तारी मार्च 2026: जिला अदालत में सुनवाई शुरू


