4 दिन बढ़ेगी गर्मी, 2-3 डिग्री बढ़ेगा टेम्प्रेचर:मार्च की शुरुआत में छूटने लगे पसीने, 36° के साथ राजनांदगांव सबसे गर्म

छत्तीसगढ़ में मार्च के शुरुआत में ही लोगों के पसीने छूटने लगे हैं। दिन में चुभने वाली गर्मी पड़ रही है। अगले चार दिनों तक गर्मी के तेवर और तीखे होने वाले हैं। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। इसके बाद अगले दो दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। वहीं, न्यूनतम तापमान अगले सात दिनों तक लगभग स्थिर बना रहेगा। प्रदेशभर में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है। बीते 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 36.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 13.5 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दौरान प्रदेश के किसी भी हिस्से में बारिश नहीं हुई। रायपुर में मौसम साफ, 36°C रह सकता है टेम्प्रेचर रायपुर के लिए स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार आज (3 मार्च) को आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। फरवरी में ठंड कम रही रायपुर की बात करें तो जनवरी की तरह फरवरी महीने में भी आसमान आमतौर पर साफ बना रहता है और सतही हवाएं हल्की रहती हैं। हालांकि उत्तर भारत से गुजरने वाले वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से कभी-कभार मौसम में बदलाव देखने को मिलता है। फरवरी के आखिरी में मौसम में बदलाव देखने को मिला, दो-तीन दिन कहीं-कहीं बारिश की स्थिति बनी रही। इस दौरान बादल छाने के साथ गरज-चमक और बारिश की स्थिति बनती हैं। कुछ मौकों पर आंधी, ओलावृष्टि और तेज हवाएं भी चलती हैं। सर्दियों का असर कम होते ही न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगता है। कुछ स्थितियों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे भी चला जाता है। इसके साथ ही कुछ वर्षों में फरवरी महीने में अच्छी बारिश भी रिकॉर्ड की गई है। रायपुर में 1893 को पड़ी थी सबसे ज्यादा ठंड रायपुर में फरवरी महीने में अब तक की सबसे ज्यादा ठंड 9 फरवरी 1893 को पड़ी थी। उस दिन तापमान सिर्फ 5 डिग्री तक गिर गया था। वहीं सबसे ज्यादा गर्म दिन 28 फरवरी 2009 रहा, जब तापमान 38 डिग्री तक पहुंच गया था। यानी फरवरी में भी कभी-कभी मई जैसी गर्मी पड़ सकती है। 4 फरवरी 1917 को सिर्फ 24 घंटे में 57.4 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। यह फरवरी के लिहाज से बहुत ज्यादा बारिश मानी जाती है। इसके अलावा 1901 में फरवरी महीने के दौरान कुल 118.9 मिमी बारिश हुई थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *