यह बजट महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएगा: भावना

भास्कर न्यूज | कवर्धा वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने विधानसभा में छत्तीसगढ़ का 25वां बजट पेश किया। पिछले साल का बजट 1 लाख 47 हजार 446 करोड़ रुपये था। इस बार यह 12% बढ़कर 1 लाख 65 हजार करोड़ रुपये से अधिक का रहा। बजट में युवाओं को नौकरियां, शिक्षा, किसान कल्याण, सरकारी कर्मचारियों और महिलाओं के लिए कई अहम घोषणाएं की गईं। पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने बजट को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को गति देने वाला बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएगा। कृषि, अधोसंरचना, शिक्षा और आदिवासी क्षेत्रों के विकास को भी बढ़ावा देगा। यह बजट गुड गवर्नेंस, अधोसंरचना, टेक्नोलॉजी और इंडस्ट्रियल ग्रोथ पर केंद्रित है। इससे छत्तीसगढ़ विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना का बजट बढ़ाकर 5500 करोड़ रुपये किया गया। लखपति दीदी योजना के तहत अगले तीन साल में 8 लाख महिलाओं को लखपति बनाने का लक्ष्य रखा गया। 7 वर्किंग वूमन हॉस्टल और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के लिए 5 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के लिए 50 करोड़ रुपये की लागत से महतारी सदन बनाए जाएंगे। यह बजट जनहित और प्रदेश के विकास को गति देने वाला है। इससे छग विकसित राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *