रांची के एनडीसी सुदेश कुमार और वित्त विभाग के अपर सचिव शशिभूषण मेहरा का सोशल मीडिया अकाउंट हैक हो गया है। अकाउंट हैक करके उनके फ्रेंड लिस्ट में जुड़े लोगों से ठगी का प्रयास किया जा रहा है। साइबर ठग स्वयं को रांची में पोस्टेड सीआरपीएफ का जवान संतोष बता रहा है और अपने प्रोफाइल में राष्ट्रपति से सम्मान लेते हुए फोटो भी लगा रखी है। दोनों अधिकारियों के फ्रेंड को रिक्वेस्ट और मैसेज भेजे जा रहे हैं। जब दूसरी ओर से रिप्लाई मिलता है तो ठग उनका मोबाइल नंबर मांगता है। इसके बाद बताता है कि दोनों अफसर उनके अच्छे मित्र हैं। फिलहाल मेरा तबादला जम्मू-कश्मीर में हो गया है। इस वजह से वे अपने घर के करीब 5 लाख के सामान की बिक्री करना चाहते हैं। अपर सचिव व एनडीसी साहब ने आपका नंबर दिया है। इसके बाद सामग्री की फोटो भेजकर सभी की कीमत 80 हजार और सीआरपीएफ लॉरी से फ्री होम डिलेवरी की बात कही जा रही है। इस संबंध में अपर सचिव शशि भूषण मेहरा और एनडीसी ने बताया कि वे संतोष नामक किसी सीआरपीएफ जवान को नहीं जानते हैं। कोई ठग सोशल मीडिया अकाउंट हैक करके मेरे से जुड़े लोगों से संपर्क करके ठगने का प्रयास कर रहा है। पुलिस को इससे संबंधित सूचना दी गई है।


