भास्कर न्यूज | जगतपुर ग्राम पंचायत जगतपुर में आयोजित स्वर्गीय रामशरण सिंह व विश्वनाथ सिंह स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 का समापन गोंडवाना स्टेडियम जगतपुर में हुआ। फाइनल मुकाबले में पवनपुर और तमजीरा की टीमों के बीच रोमांचक टक्कर देखने को मिली, जिसमें तमजीरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। मैच के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। समापन समारोह में किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष कपिल पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। खिलाड़ियों, आयोजकों और ग्रामवासियों ने उनका स्वागत किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं और दिवंगत शिक्षकों की स्मृति को जीवंत बनाए रखते हैं। मुख्य अतिथि ने विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष संत सिंह, सुरेश मरकाम, विजय प्रताप सिंह, शशांक दुबे सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। आयोजन समिति के सदस्यों और ग्रामवासियों की सक्रिय भागीदारी से प्रतियोगिता संपन्न हुई।


