छत्तीसगढ़ में स्कूल शिक्षा विभाग के नाम पर 6 शिक्षकों के फर्जी ट्रांसफर आदेश जारी करने का मामला सामने आया है। इस घटना से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग के अवर सचिव आरपी वर्मा ने रायपुर के राखी थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों को मिली फर्जी आदेश की सूचना अवर सचिव आरपी वर्मा ने बताया कि 1 मार्च 2025 को 6 व्याख्याताओं/शिक्षकों के स्थानांतरण का एक आदेश जारी हुआ, लेकिन जब इस आदेश की सत्यता जांची गई तो यह पूरी तरह फर्जी निकला। इसकी जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग के अधिकारी हैरान रह गए। स्कूल शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी वर्तमान में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के पास है, इसलिए अधिकारियों ने इस मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस जांच में जुटी राखी थाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार करने और शासकीय आदेशों में गड़बड़ी करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि फर्जी ट्रांसफर आदेश किसने और किस मकसद से जारी किया था। शिक्षा विभाग ने भी इस मामले को लेकर अपने स्तर पर जांच शुरू कर दी है और संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस जल्द ही दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई कर सकती है।


