राजस्थान पुलिस का ‘सुरक्षा सखी अभियान’:महिलाओं की सुरक्षा के लिए पहल, घर-घर जाकर बताए कानूनी अधिकार

धौलपुर में राजस्थान पुलिस ने महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए ‘सुरक्षा सखी अभियान’ शुरू किया है। यह अभियान 1 मार्च से 15 मार्च 2026 तक ‘सुरक्षा सखी संवाद पखवाड़ा’ के तहत चलाया जा रहा है। इसकी शुरुआत पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में हुई, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शिकायत प्रकोष्ठ) हवा सिंह का भी सुपरविजन शामिल है। पुलिस मुख्यालय के निर्देशों पर आधारित इस 15 दिवसीय अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और पुलिस के बीच विश्वास, संवाद और सहयोग को मजबूत करना है। इसके तहत 15 से 70 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं और बालिकाओं को जोड़ा जा रहा है। ‘सुरक्षा सखी’ घर-घर जाकर महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दे रही हैं। अभियान के दौरान महिलाओं को आपातकालीन स्थिति में सहायता के लिए 1090 महिला हेल्पलाइन और 112 आपात सेवा नंबर के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसका लक्ष्य संकट की घड़ी में तुरंत मदद सुनिश्चित करना है। थाना स्तर पर विशेष बैठकों और संवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों में महिलाओं को आत्मरक्षा की बुनियादी तकनीकों, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, छेड़छाड़ और अन्य अपराधों से जुड़े कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। साथ ही, पुलिस सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई जा रही है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि महिला सुरक्षा तभी सुनिश्चित हो सकती है, जब महिलाएं बिना किसी झिझक अपनी समस्याएं पुलिस के साथ साझा करें और पुलिस को अपना सच्चा साथी मानें। अभियान के दौरान महिलाओं से सुझाव भी लिए जा रहे हैं, ताकि भविष्य की कार्ययोजना को और प्रभावी बनाया जा सके। यह अभियान महिला सुरक्षा, तकनीकी नवाचार और जनभागीदारी को बढ़ावा देते हुए जिले में एक सुरक्षित और सशक्त समाज की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *