खाटू श्याम मंदिर के दर्शन कर कोटा लौट रहे श्रद्धालुओं की कार बुधवार शाम हाईवे पर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बच्चों समेत कुल 5 लोग घायल हो गए। हादसा बरौनी थाना क्षेत्र में जयपुर- कोटा नेशनल हाईवे 52 पर शाम करीब साढ़े 4 बजे हुआ। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को लहूलुहान हालत में सआदत अस्पताल में भर्ती करवाया। कार में कुल 6 सवारियां थी। ये कोटा समेत हाड़ौती के रहने वाले थे। इनमें 2 महिलाएं, 2 पुरुष और दो बच्चे थे। कार स्पीड में थी, इसलिए वह फोरलेन के डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। डिवाइडर से टकराकर पलटी खा गई थी
बरौनी थाना प्रभारी नूर मोहम्मद ने बताया- आज शाम करीब साढ़े 4 बजे सूचना मिली कि टोंक के पास से गुजर रही बनास नदी किनारे वैष्णो देवी पुलिया के पास अनियंत्रित होकर एक वेगनआर कार डिवाइडर से टकरा गई। सूचना पर ASI शंकर लाल पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर गए, जहां कार में फंसे बच्चों समेत 6 लोगों को बाहर निकाला। एम्बुलेंस से सभी घायलों को सआदत हॉस्पिटल भेजा गया, जहां पूनम (40) पत्नी जतिन गुप्ता निवासी महावीर नगर विस्तार-6 कोटा की मौत हो गई। हादसे में पूनम के सिर पर गंभीर चोट आई थी। वहीं विश्वा पत्नी रोहित सोनी निवासी छबड़ा गंभीर रूप से घायल हो गईं। अन्य घायलों में जतिन गुप्ता, रोहित सोनी समेत मौजूद 2 बच्चे भी घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि कार सवार खाटू श्यम मंदिर के दर्शन कर लौट रहे थे। हालांकि हादसे के बाद हाईवे पर ट्रैफिक करीब आधा घंटा प्रभावित रहा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


