शिवपुरी जिले में बुधवार को रंगों का त्योहार होली पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक लोगों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर निवास पर अधिकारियों ने गीत गाकर त्योहार मनाया, वहीं पोहरी कस्बे में पारंपरिक लट्ठमार होली का आयोजन किया गया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसपी स्वयं सड़कों पर निगरानी करते नजर आए। शहर के प्रमुख चौराहों और गलियों में युवाओं की टोलियां डीजे की धुन पर रंग-गुलाल उड़ाती नजर आईं। माधव चौक पर सबसे अधिक भीड़ देखी गई। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे एसपी अमन सिंह राठौड़ ने माधव चौक पर तेज आवाज में म्यूजिक बजाते हुए घूम रहे एक ट्रैक्टर को रुकवाया। उन्होंने युवाओं को ट्रैक्टर दौड़ाने और तेज आवाज में म्यूजिक बजाने से मना करते हुए समझाइश दी। चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहा। कलेक्टर और SP ने गाया ‘मेरे अंगने में…’ त्योहार के अवसर पर कलेक्टर निवास पर होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के लोग, अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। इस दौरान कलेक्टर रविन्द्र कुमार चौधरी ने माइक संभाला और एसपी अमन सिंह राठौड़ के साथ मिलकर “मेरे अंगने में तुम्हारा क्या काम है” गीत गाया। प्रशासनिक अधिकारियों के इस अंदाज पर वहां मौजूद लोग भी झूमते और थिरकते नजर आए। महिलाओं ने भी अपने घरों के बाहर पड़ोसियों व रिश्तेदारों के साथ होली खेली। पोहरी में ब्रज की तर्ज पर खेली गई लट्ठमार होली होली का उत्साह जिले के ग्रामीण इलाकों में भी देखने को मिला। पोहरी कस्बे के राधा-कृष्ण मंदिर में ब्रज की तर्ज पर पारंपरिक लट्ठमार होली का आयोजन किया गया। इस दौरान लोगों ने गोपी-गोपिकाओं का रूप धारण किया, जहां गोपिकाओं ने गोपों पर प्रतीकात्मक रूप से लाठियां बरसाकर पारंपरिक रूप से होली खेली और जमकर रंग-गुलाल उड़ाया। इसके अलावा शहर के अन्य मंदिरों में भी फाग और भजन-कीर्तन के आयोजन हुए।


