राजधानी जयपुर में धुलंडी के मौके पर जवाहर सर्किल और जेएलएन मार्ग समेत कई थाना क्षेत्रों में युवकों ने सड़क पर डांस कर यातायात बाधित कर दिया। इतना ही नहीं वर्ल्ड ट्रेड पार्क, गौरव टावर और जवाहर सर्किल पर बीच सड़क पर कई युवा ग्रुप बनाकर मोबाइल से रील बनाते नजर आए। कुछ युवक गाड़ियों की खिड़की से बाहर निकलकर और छत पर बैठकर हुड़दंग कर रहे थे। वही कुछ युवा यातायात नियमों को तोड़ते नजर आएँ। इससे कई इलाकों में लंबा जाम लग गया। कई स्थानों पर युवक अर्धनग्न होकर राह चलती लड़कियों पर गुलाल व पानी फेंकते और उत्पात मचाते नजर आए। हालात बिगड़ते देख जयपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हुड़दंगियों को खदेड़ा और सख्ती से कार्रवाई की। होली और धुलंडी पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहरभर में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। अभय कमांड सेंटर के जरिए निगरानी, ड्रोन से सर्विलांस और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग की गई। अफवाह और भ्रामक जानकारी फैलाने वालों पर भी पुलिस ने नजर रखी। एडिशनल कमिश्नर (कानून-व्यवस्था) डॉ. राजीव पचार ने बताया कि शराब पीकर उत्पात, छेड़छाड़ और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई। इसके लिए 11 एएसपी, 45 एसीपी, 80 थानाधिकारी, 1500 पुलिसकर्मी और आरएसी की पांच कंपनियां तैनात रहीं। पुलिस की सख्ती से संवेदनशील इलाकों में हालात पर काबू पाया गया और शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखी गई।


