सेठवाना गांव के पास सारंगपुरा रेलवे पुलिया के निकट देर रात युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना मावली से बड़ी सादड़ी जा रही यात्री ट्रेन से हुई। मृतक की पहचान कानोड़ के सारंगपुरा निवासी मांगी लाल जाट के रूप में हुई है। हालांकि, उसकी मौत के स्पष्ट कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। सूचना मिलने पर बड़ी सादड़ी रेलवे पुलिस और कानोड़ पुलिस थाने से हेड कांस्टेबल मिट्ठू सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को कब्जे में ले लिया। शव को कानोड़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के मुर्दाघर में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


