उदयपुर में टेम्पोलियन पार्क में आठ दिन पहले 24 साल की युवती के साथ हादसा हो गया था। राइड के दौरान युवती बैलून से उछलकर गिरी, जिससे हाथ की हड्डी के चार हिस्से हो गए। युवती ने आरोप लगाया है कि टेम्पोलियन पार्क का स्टाफ अनट्रेंड है। युवती ने अपने सोशल अकाउंट पर एक वीडियो अपलोड हादसे की जानकारी दी थी। मामले को लेकर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। फिलहाल पुलिस ने मामले को जांच में रखा है। वहीं दूसरे पक्ष टेम्पोलियन पार्क के मालिक ने आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि सुरक्षा के पूरे इंतजाम है। जगह-जगह सुरक्षा को लेकर डिस्पले कर रखा है। भास्कर ने दोनों पक्षों से बात कर मामले की जानकारी ली। पहले पढ़िए युवती का पक्ष स्टाफ ने कहा था- आप सुरक्षित है, राइड कीजिए युवती शिवानी राजौरा उदयपुर के हिरणमगरी सेक्टर 14 की रहने वाली है। डॉक्टरों ने उन्हें 6 महीने के रेस्ट के लिए बोला है। शिवानी ने बताया- मैं अपने दो पार्टनर के साथ मिलकर ब्रॉड के प्रमोशन का काम करती हूं। तीनों ने मिलकर एक ऐप भी बनाई है। ऐप लॉन्च के मौके पर टीम के 9 सदस्य और हम तीनों पार्टनर 10 दिसंबर को उदयपुर के न्यू नवरत्न कॉम्पलेक्स भुवाणा स्थित टेम्पोलियन पार्क गए थे। वहां जाकर राइड देखने पर एक बार सुरक्षा को लेकर संशय हुआ था। तब पार्क के स्टाफ ने कहा कि आप सुरक्षित है। आप राइड कीजिए। स्टाफ के आश्वासन के बाद मैं राइड करने के लिए गई। शिवानी बताती है- राइड के दौरान पीछे से दो लोग बैलून पर कूदे। तब उछलकर गिरी। शिवानी ने बताया- जिस जगह गिरी वहां बॉल व स्पंच बहुत कम थे और जमीन सी आ गई। गिरते ही ऐसा लगा जैसे मेरा राइट हाथ नहीं है। फेसिंग की जाली से टकराते हुए बची। इस बीच मेरा पार्टनर आया और संभाला। मेरे पार्टनर संकल्प नाग और तुषार जैन वहां से करीब 4 किलोमीटर दूर शोभागपुरा में पारस हेल्थ निजी हॉस्पिटल की इमरजेंसी में लेकर गए। डॉक्टरों ने एक्सरे के बाद कच्चा प्लास्टर लगाया। इसके बाद डॉ.आशीष सिंघल ने जांच की और सर्जरी के लिए कहा। उन्होंने कहा कि राइट हाथ की हड्डी टूट गई है। हड्डी के चार हिस्से हो गए है। एक बड़ी प्लेट अंदर लगेगी। परिवार की हामी के बाद 11 दिसम्बर की शाम को ऑपरेशन किया गया। सर्जरी के बाद डॉक्टर ने 6 महीने आराम के लिए कहा है। आरोप- टेम्पोलियन पार्क का स्टाफ अनट्रेंड
शिवानी ने बताया- उसके साथियों ने स्टाफ से मेडिकल सुविधा मांगी थी लेकिन उनके पास कुछ नहीं था। कार तक ले जाने के लिए व्हीलचेयर मांगी तो बोले- यहां नहीं है। टेम्पोलियन पार्क के स्टाफ पर अनट्रेंड होने का आरोप भी लगाया है। शिवानी का कहना है कि चोट लगने के बाद भी स्टाफ ने गंभीरता से नहीं लिया। यहीं नहीं पीछे से जो दो इंसान कूदते है। उनका वजन राइड करने वाले के बराबर होना चाहिए जबकि ऐसा नहीं था। स्टाफ को राइड को लेकर क्या मैनेजमेंट होता है। उसके बारे में कोई प्रशिक्षण नहीं है। पुलिस को दी शिकायत में बताई लापरवाही
मामले को लेकर शिवानी के भाई हार्दिक ने 15 दिसंबर को सुखेर थाने में लिखित में रिपोर्ट दी है। पुलिस ने फिलहाल रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। मामले को जांच में रखा गया है। अब पढ़िए टेम्पोलियन पार्क के मालिक का पक्ष मालिक बोले- गेस्ट ने हमारे इंस्ट्रक्शन को फॉलो नहीं किया
टेम्पोलियन पार्क के मालिक जय कच्छारा ने बताया- हमारे यहां सुरक्षा को लेकर पूरा प्रबंध है। जगह-जगह सुरक्षा को लेकर डिस्पले कर रखा है। यहां अंदर जाने से पहले क्या-क्या ध्यान रखना है, सब बता रखा है। एंट्री से पहले ही कंसल्ट फार्म भरवा कर हस्ताक्षर करवाते है। जो वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, उसमें मैं खुद भी दिख रहा हूं। उस समय गेस्ट को साफ तौर पर कह रहा था कि, आप हाथ सिर के पीछे रखे लेकिन उन्होंने हाथ आगे कर खुले छोड़ दिए, जिससे डायरेक्टशन चेंज हो गया और चोट लगी। उनका हाथ में बैलुन लगा है। कच्छारा ने बताया- जंप करते समय वीडियो में साफ दिख रहा है कि उनका हाथ आगे था। हमारी तरफ से इंस्ट्रक्शन भी दिए थे लेकिन उन्होंने नहीं माने। उनकी चोट के बाद हम उनको हमारा जिस हॉस्पिटल से अनुबंध है, वहां ले जाने की बात कही थी लेकिन वे तैयार नहीं थी।


