रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जोधपुर–साबरमती एक्सप्रेस (ट्रेन 20485/20486) को जैसलमेर तक चलाए जाने की स्वीकृति दे दी है। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने यह जानकारी साझा करते हुए रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अत्यंत हर्ष का विषय है कि मेरे आग्रह पर रेल मंत्री ने जोधपुर–साबरमती एक्सप्रेस का विस्तार जैसलमेर तक करने की स्वीकृति प्रदान की है। इससे जैसलमेर और आसपास के क्षेत्र के यात्रियों, व्यापारियों और पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। पर्यटन और व्यापार को भी सहयोग मिलेगा। लंबे समय से चली आ रही है मांग शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बेहतर कनेक्टिविटी की नीति के अनुरूप लगातार रेल सुविधाओं को मजबूत करने और यात्रियों को ज्यादा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कार्य किए जा रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह निर्णय क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। गौरतलब है कि जोधपुर–साबरमती एक्सप्रेस के विस्तार की स्वीकृति मिलने के बाद रेलवे हैडक्वाटर इसकी नई समय सारणी तैयार करेगा। इसके बाद इसे डिविजनल हेडक्वार्टर पर भेज कर लागू किया जाएगा।


