कोडरमा| पं. दीनदयाल उपाध्याय विचार झारखंड युवा मोर्चा ने कोडरमा से सूरत के लिए सीधी सुपरफास्ट ट्रेन की मांग दोहराई। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष गौतम पांडेय ने कहा कि यदि 5 मई तक इस मांग पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो वे हावड़ा-दिल्ली मुख्य रेलमार्ग पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करेंगे। गौतम पांडेय ने बताया कि झारखंड के कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद और आसपास के हजारों युवा रोजी-रोटी के लिए सूरत जाते हैं। मौजूदा समय में वहां जाने के लिए सिर्फ एक ही ट्रेन उपलब्ध है, जो मालदा से चलती है और उसमें भारी भीड़ रहती है। ऐसे में युवाओं को समय पर गंतव्य तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। मांग को लेकर संगठन ने पूर्व में प्रेस सम्मेलन कर प्रधानमंत्री, रेल मंत्री, डीआरएम और स्थानीय सांसद अन्नपूर्णा देवी को आवेदन सौंपा था।


