मेदिनीनगर | आर्य समाज मंदिर में रौनियार युवा मंच के तत्वावधान में गुरुवार को होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाज के अध्यक्ष कमल गुप्ता ने की, जबकि संचालन कुमार गौरव ने किया। अध्यक्ष कमल गुप्ता ने कहा कि समारोह का मुख्य उद्देश्य समाज को एकजुट करना और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना है। समाज की नेत्री लवली गुप्ता ने कहा कि समाज में बढ़ती जागरूकता ही हक और अधिकार दिलाने का माध्यम बनेगी। शंकर साहू ने प्रत्येक परिवार को मंच से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। कुमार गौरव ने बताया कि शहरी क्षेत्र में लगभग 1500 रौनियार परिवार निवास करते हैं, जिन्हें मंच से सीधे जोड़ने की पहल की जाएगी। कार्यक्रम का समापन जय गुरुजी के उद्घोष के साथ हुआ। विश्रामपुर | विश्रामपुर नगर परिषद की सबसे बड़ी आबादी वाले कस्बा रेहला में इसबार की होली का त्योहार कतिपय कारण से फीका और गमगीन रहा। खासकर रेहलाखूर्द में होली के दिन चाचा के श्राद्धकर्म के प्रक्रिया में तर्पण के लिए कोयल नदी तट पर गए विजय साव 45वर्ष की हृदयगति रुक जाने से मौके पर ही मौत की दोहरी दुःखदाई घटना से पूरी बस्ती में होली फीकी रही। वहीं पूरा इलाका मर्माहत रहा। अंतिम संस्कार में शामिल स्थानीय निवासी भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष ज्वाला गुप्ता, नगर पार्षद प्रमोद दीक्षित और राजू प्रसाद ने गहरा शोक व्यक्त किया है।इसके पहले युवा समाजसेवी मंगल गुप्ता के पिता का असामयिक निधन होने से होली का उल्लास नहीं दिख रहा था।रही सही कसर रेहला बस्ती की बेटी प्रिया की मायके में संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत ने पूरी कर दी । हेरहंज | प्रखंड मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्रों में रंगों का त्योहार होली धूमधाम से मनाया गया। होली के त्योहार को लेकर बच्चे, बूढ़े, युवा, महिलाएं सभी होली की रंग मे सराबोर दिखे। सभी एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। उधर,सुबह से हीं युवकों की टोली गाजे बाजे के साथ पूरे गांव मे भ्रमण किया।नवादा, सेरनदाग,सलैया , चीरु, तासु पंचायत में लोगों ने जमकर होली खेली। उधर,हेरहंज पुलिस जगह जगह पर होली को लेकर मुस्तैद देखी गई। मेदिनीनगर | गुरुवार को आनंदमर्गियों ने मेदिनीनगर के नई मोहल्ला स्थित आनंद मार्ग जागृति केंद्र में बाबा नाम केवलम कीर्तन भजन कर अपने 12 घंटे का निर्जला उपवास तोड़ा। वरिष्ठ मार्गी बैद्यनाथ ने बताया कि 5 मार्च 1967 को आनंदमार्ग प्रचारक संघ के केंद्रीय कार्यालय आनंद नगर पर हमला किया गया था। हमला करनेवालों का इरादा आनंदमार्ग प्रचारक संघ के संस्थापक बाबा श्री श्री आनंदमूर्ति जी की हत्या कर आनंदमार्ग को खत्म करना था। इस अमानवीय, धर्म विरोधी और अनैतिक ताकतों ने निरीह निहत्थे पांच धर्म रक्षक आध्यात्मिक सैनिकों की नृशंस हत्या कर दी थी। उन्हीं दधीचियों भागवत धर्म के लिए जीवन न्योछावर करने वाले आचार्य अभेदानन्द अवधूत, आचार्य सच्चिदानंद अवधूत, भरत कुमार, प्रभाष कुमार, अवधेश कुमार की याद में यह दधीचि दिवस मनाया जाता है। आज के दिन आनंदमार्गी 12 घंटे का निर्जला उपवास रखकर पाप शक्ति के खिलाफ विरोध जताते हैं। मौके पर भुक्ति प्रधान महेश्वर देव, अखिलेश, रामस्वरूप, अरविंद, प्रदीप, सोनू, सरोज, मणि, दीपक, राहुल, मधु, शारदा समेत कई लोग मौजूद रहे। छतरपुर |लक्ष्मीपुर पंचायत के गुलाबझरी गांव में शुक्रवार सुबह से कलशयात्रा के साथ मां भगवती प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ किया जायेगा। इसके बाद शनिवार को वेदीपूजन व जलाधिवास, रविवार को अन्नाधिवास व सर्वाधिवास, सोमवार को वेदीपूजन, महास्नान, नगर भ्रमण व प्रतिमाओं का अन्यास, मंगलवार को प्रतिष्ठा पूजन, हवन व भंडारा के साथ समापन होगा। इस प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में विद्वानों के द्वारा यज्ञ हवन प्रवचन एवं विभिन्न संस्कार कराए जाएंगे। इस आयोजन में प्रात: काल में हवन एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम संपन्न होंगे। वहीं संध्या बेला में प्रवचन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया जायेगा। आयोजन 6 मार्च से लेकर 10 मार्च तक चलेगा।


