पीएम नरेंद्र मोदी ने 15 जनवरी को शिवपुरी जिले के हातोद ग्राम पंचायत में 2 सहरिया आदिवासी महिलाओं से संवाद किया था। जिसमें पोहरी ब्लॉक की बूड़दा पंचायत की ललिता आदिवासी ने प्रधानमंत्री मोदी से हातोद जैसी आवासीय कॉलोनी बूड़दा पंचायत में भी बनवाने की गुजारिश की थी। जनपद पंचायत सीईओ गिर्राज शर्मा ने बताया कि शिवपुरी जिले की चौथी और पोहरी ब्लॉक की प्रथम पीएम जनमन कॉलोनी बुढ़दा पंचायत में पूर्ण हुई है। जिसमें कुल 32 सहरिया हितग्राहियों के आवास है। शहरों की तर्ज पर बने डुप्लेक्स यह आवास शहरों की तर्ज पर डुप्लेक्स जैसे बनाये गए है, इनमें अब अति पिछड़ी जनजातियों के सहरिया हितग्राही निवास करेंगे। आवास में हर घर नल और विद्युत कनेक्शन की सुविधा भी दी गई है। यहां रोड, सामुदायिक भवन, चौपाल आदि की सुविधा भी दी जाएगी। इस कॉलोनी के लिए जगह चिह्नांकन से लेकर पूर्णता तक शिवपुरी जिले के कलेक्टर रवींद्र कुमार चौधरी की उल्लेखनीय भूमिका रही। वहीं सीईओ हिमांशु जैन ने कॉलोनी की पूर्णता में आ रही अड़चनों का समय सीमा में निराकरण किया। कॉलोनी के पहले आवास में रहने वाली ललिता आदिवासी ने पीएम नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया। इस कॉलोनी के निर्माण में पोहरी ब्लॉक के सहायक यंत्री मुकेश जैन, बीसी आवास दीपेंद्र यादव, इंजीनियर धर्मेंद्र राजपूत, सचिव माथुर, दारासिंह, ललिता आदिवासी का अहम योगदान रहा।


