डीडवाना में बुधवार रात को जयपुर से आ रही लोक परिवहन बस और बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार खेमाराम की मौके पर मौत हो गई। हादसा देर रात रीको एरिया में हुआ। वहीं टक्कर के बाद बस में आग लग गई। बस में सवार यात्रियों ने आग लगते ही तुरंत बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इस हादसे में बस में सवार सवार सभी 30 यात्री बाल-बाल बच गए। आग इतनी भयंकर थी कि बस पूरी तरह जलकर राख हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मृतक खेमाराम डीडवाना के लुनोदा गांव का रहने वाला था। पुलिस ने शव को राजकीय बांगड़ जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में तुरंत आग लग गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।इस दुर्घटना से स्थानीय लोग सहम गए हैं।


