हजारीबाग में अवैध पत्थर खदान में डूबा किशोर:दोस्तों संग नहाने गया था; 20 घंटे बाद भी लापता, लोगों ने की NDRF बुलाने की मांग

हजारीबाग में बंद पड़ी अवैध पत्थर खदान में डूबने वाले 13 वर्षीय किशोर सौरव कुमार का शव लगभग 20 घंटे बाद भी बरामद नहीं हो सका है। घटना बरकट्ठा थाना क्षेत्र के पचरुखी तिलैया स्थित महाबर पहाड़ के पास की है। ग्रामीण अपने स्तर पर लगातार रेस्क्यू अभियान चलाकर सौरव की तलाश कर रहे हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल एनडीआरएफ (NDRF) टीम को बुलाने की मांग की है। सौरव कुमार गुरुवार को अपने कुछ दोस्तों के साथ महाबर पहाड़ के पास स्थित बंद खदान में नहाने गया था। खदान में काफी गहरा पानी भरा हुआ है। नहाते समय सौरव अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। उसके साथ मौजूद अन्य बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सौरव पानी में लापता हो चुका था। खदान से पानी निकालने का भी प्रयास घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। स्थानीय गोताखोरों की मदद से पानी में लगातार खोजबीन की जा रही है, लेकिन अब तक किशोर का कोई पता नहीं चल पाया है। ग्रामीण ट्रैक्टर और पंप का उपयोग कर खदान से पानी निकालने का भी प्रयास कर रहे हैं ताकि सौरव को ढूंढा जा सके। इस घटना पर स्थानीय विधायक अमित कुमार यादव ने जिला प्रशासन और सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रूप से पत्थर का उत्खनन किया जा रहा है, लेकिन प्रशासन इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते ऐसे अवैध खदानों को बंद कर सुरक्षित नहीं किया गया, तो भविष्य में भी ऐसी घटनाएं हो सकती हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *