करौली में जिला मुख्यालय स्थित राजकीय गर्ल्स कॉलेज की छात्राओं ने अपनी मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए आवाज उठाई है।
छात्राओं ने कलेक्टर के नाम एसडीएम को एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें मुख्य मार्ग से कॉलेज तक सीसी सड़क निर्माण और कॉलेज कैम्पस में छात्राओं के परिजनों के लिए महिला शौचालय बनवाने की मांग की गई है। रास्ते में गंदा पानी भरने से बढ़ी परेशानी
छात्राओं ने बताया कि मुख्य हाईवे से कॉलेज तक जाने वाला रास्ता बेहद खराब स्थिति में है। इस कारण उन्हें रोजाना आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। रास्ते पर अक्सर गंदा पानी भी भरा रहता है, जिससे स्थिति और बिगड़ जाती है।
नगर परिषद ने पूर्व में इस मार्ग से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की थी, लेकिन अब तक सीसी सड़क का निर्माण नहीं कराया गया है। इस खराब सड़क के कारण कॉलेज में अध्ययनरत छात्राओं और स्टाफ सदस्यों को आने-जाने में भारी दिक्कतें होती हैं। कॉलेज कैम्पस में महिला शौचालय की मांग
इसके अलावा छात्राओं ने कॉलेज परिसर में पर्याप्त महिला शौचालय के निर्माण की भी मांग उठाई है। उनका कहना है कि कॉलेज आने वाली छात्राओं और उनके साथ आने वाली महिला अभिभावकों के लिए पर्याप्त शौचालय सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिससे उन्हें काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है। छात्राओं ने अपने ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू करने और महिला शौचालय बनवाने का आग्रह किया है। उनका उद्देश्य है कि छात्राओं को बुनियादी सुविधाएं मिल सकें और उन्हें अपनी पढ़ाई के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।


