पाकिस्तान बॉर्डर से सटे श्रीगंगानगर जिले में अब तेज गर्मी पड़ना शुरू हो गई है। अरब सागर में बने एंटी-साइक्लोन के प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान में तेज गर्म हवाएं चल रही हैं, जिससे दिन का तापमान लगातार बढ़ रहा है और झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है। मौसम राडार स्टेशन, श्रीगंगानगर पर शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री रिकार्ड किया गया। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि बुधवार को न्यूनतम 16.7 डिग्री और अधिकतम 36.1 डिग्री रहा। पिछले कुछ दिनों से तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है, जो सामान्य से काफी ऊपर है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अरब सागर में बने इस एंटी-साइक्लोन सिस्टम के कारण आसमान साफ रह रहा है और पाकिस्तान की तरफ से गर्म हवाएं सीधे राजस्थान में प्रवेश कर रही हैं। इससे पश्चिमी जिलों में गर्मी का कहर बढ़ गया है। श्रीगंगानगर के अलावा बाड़मेर, चूरू, जोधपुर जैसे इलाकों में भी तापमान 36-38 डिग्री के आस-पास पहुंच चुका है।


