उदयपुर के झाड़ोल थाना क्षेत्र की मगवास पंचायत में तीज पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित मेले में गुरुवार शाम 2 गुटों में हिंसक झड़प हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक गुट का युवक भागकर एक दुकान में घुसा, जिसके पीछे दूसरे गुट का एक युवक तलवार लेकर दौड़ा और तलवार लहराने लगा। दुर्भाग्यवश, पास में खड़ा एक बच्चा तलवार की चपेट में आ गया और घायल हो गया। घटना गुरुवार शाम 6 बजे की है, जिसके बाद मेला तुरंत बंद करवा दिया गया। घायल बच्चे को तत्काल उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहाँ उसे प्राथमिक उपचार दिया गया। अच्छी खबर यह है कि बच्चे की स्थिति खतरे से बाहर है और उसे आज सुबह अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। थानाधिकारी फेलीराम मीणा ने बताया- पुलिस को अभी तक घटना की रिपोर्ट नहीं मिली है, लेकिन परिजनों से रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, मेला आयोजकों ने मेले के आयोजन के लिए पूर्व अनुमति नहीं ली थी, जिसके लिए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तलवार लहराई तो पास खड़ा बच्चा चपेट में आ गया
थानाधिकारी ने बताया- जानकारी के अनुसार कमलनाथ रोड स्थित शंकरलाल पटेल की कपड़े की दुकान है। वह अपने 5 वर्षीय बेटे कार्तिक को साथ में लेकर दुकान पर बैठा हुआ था। उसी दुकान पर हमारा एक जवान भी बैठा था। तभी मेले में दो गुटों में आपस में झगड़ा हो गया। झगड़ते हुए उनमें से एक गुट का एक युवक दौड़ते हुए शंकरलाल की दुकान के अंदर घुस गया। तभी दूसरे पक्ष का युवक तलवार लेकर उसके पीछे दौड़ा और तलवार लहराने लगा। तभी पास में खड़ा शंकरलाल का बच्चा चपेट में आ गया। वहां मौजूद हमारे पुलिसकर्मी ने हमलावर को पकड़ने की कोशिश की लेकिन बदमाश भाग गया। घायल बच्चे को हॉस्पिटल भर्ती कराया। उसके 5 टांके आए हैं और हालत खतरे से बाहर है। पुलिस आगे मामले की जांच कर रही है।


