भास्कर न्यूज | अमृतसर गोलबाग स्थित पंजाब रोडवेज बस वर्कशॉप डिपो के गेट पर शुक्रवार को पंजाब रोडवेज और पीआरटीसी के कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन ने रोष प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने सरकार की वादाखिलाफी के खिलाफ नारेबाजी की और किलोमीटर स्कीम के तहत चल रही निजी बसों का कड़ा विरोध करते हुए गिरफ्तार साथियों की तुरंत रिहाई और बर्खास्त कर्मचारियों की बहाली की मांग की। पंजाब रोडवेज-पीआरटीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन के नेता हीरा सिंह और युगराज सिंह ने कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगें नहीं मानती, तब तक वे राजनीतिक रैलियों का पूर्ण बहिष्कार करेंगे। उन्होंने मांग की कि बर्खास्त कर्मचारियों को तुरंत बहाल किया जाए, आउटसोर्स कर्मचारियों को नियमित किया जाए और किलोमीटर स्कीम के तहत चल रही प्राइवेट बसों को रद्द किया जाए। उन्होंने कहा कि 27 और 28 फरवरी की रात सरकार ने राज्य और डिपो स्तर के कई प्रधानों को गिरफ्तार कर लिया था, जिसके विरोध में पंजाब के कई डिपो बंद हो गए थे। उन्होंने बताया कि कई साथियों पर धारा 307 सहित गंभीर मामले दर्ज किए गए और करीब 20 कर्मचारियों को जेल भेज दिया गया। इसी के विरोध में पंजाब भर के डिपो में गेट रैलियां आयोजित की गईं। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि शनिवार को परिवहन सचिव के साथ होने वाली बैठक में कोई समाधान नहीं निकला तो 9 मार्च से पंजाब के 27 डिपो में चरणबद्ध हड़ताल शुरू की जाएगी।


