गुरमीत लूथरा | अमृतसर पंजाब सरकार के 8 मार्च को पेश किए जा रहे सालाना बजट से उद्योगपतियों को काफी उम्मीदें हैं। उद्योगपतियों ने गुरुनगरी में यूनिटी मॉल प्रोजेक्ट के अलावा बॉर्डर एरिया के उद्योग को बढ़ावा देने के लिए विशेष पैकेज की मांग की है। पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल के प्रधान प्यारे लाल सेठ और महासचिव समीर जैन ने कहा कि यूनिटी मॉल पंजाब सरकार और भारत सरकार की मिली-जुली पहल है, जिसका मकसद वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट पहल, जियोग्राफिकल इंडिकेशन प्रोडक्ट और पारंपरिक हैंडीक्राफ्ट को बढ़ावा देना है। यह प्रोजेक्ट अमृतसर के व्यापारियों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उक्त प्रोजेक्ट को पंजाब सरकार से साल 2024-25 के दौरान हरी झंडी मिल चुकी है लेकिन सरकार इसके लिए जगह मुहैया नहीं करवा पाई है। इससे लोकल कारीगरों और पारंपरिक इंडस्ट्री को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के अवसर पैदा होंगे। लघु उद्योग भारती के प्रधान अमित कपूर ने सरकार से बजट में नई इंडस्ट्री के लिए विशेष पैकेज व रियायतें प्रदान करने की मांग की है। पाकिस्तान के साथ कारोबार बंद होने की वजह से भी इंडस्ट्री बुरी तरह से पिछड़ गई है, कच्चे माल की सप्लाई के लिए गुरुनगरी में प्लांट लगने से इंडस्ट्री को फायदा पहुंचेगा। यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर का किक्रेट मैदान भी जल्द से जल्द बनाने की प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए। पंजाब स्वर्णकार संघ के प्रधान अश्वनी नामेशाह ने सरकार से ज्वेलर्स के लिए बजट में विशेष प्रावधान किए जाने की मांग की है। सोना-चांदी के दामों में निरंतर बढ़ौतरी होने से ज्वैलरी उद्योग मंदी के दौर से गुजर रहा है, कारोबारियों पर मंदी की मार सबसे ज्यादा पड़ रही है। ग्राहकों की खरीदो फरोख्त कम होने से ग्राहकों की भारी कमी खल रही है।


