लुधियाना | शहर के गुरुद्वारा श्री सिंह सभा, खुड्ड मोहल्ला में जप-तप समागम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में संगत ने हाजिरी लगाकर गुरु घर की बाणी का रसपान किया। समागम के दौरान स्त्री सत्संग सभा की महिलाओं ने मिलकर श्री जपजी साहिब, श्री चौपाई साहिब और श्री सुखमणि साहिब का पाठ किया। गुरबाणी के पाठ के बाद सभी संगत ने एक स्वर में वाहेगुरु सिमरन किया। इसके बाद संगत ने मिलकर धन-धन बाबा दीप सिंह तेरी जय होवे और बाबा ही मेहर करो जैसे भावपूर्ण शबदों का गायन किया। समागम के अंत में गुरुद्वारा कमेटी की ओर से स्त्री सत्संग सभा की महिलाओं का सम्मान किया गया। कमेटी के सदस्यों ने उन्हें सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया और धार्मिक गतिविधियों में उनके योगदान की सराहना की। इस अवसर पर गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान बलजीत सिंह ने बताया कि संगत को गुरबाणी से जोड़ने के उद्देश्य से हर सप्ताह इस प्रकार का जप-तप समागम आयोजित किया जाता है। बलजीत सिंह ने जानकारी दी कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर गुरुद्वारा सिंह सभा, मॉडल टाउन एक्सटेंशन में विशेष गुरमत समागम आयोजित किया जाएगा। यह समागम माता खीवी, माता गुजर कौर, माता साहिब कौर, माता भागो और माता शरण कौर को समर्पित होगा।


