ड्रिल मशीन की आवाज को लेकर विवाद, पड़ोसी ने बुलाए युवक, मालिक को पीटा

लुधियाना| ताजपुर रोड स्थित खांसी कलां के अधीन चावला कॉलोनी में मामूली बात को लेकर पड़ोसियों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि एक युवक ने अपने साथियों को बुलाकर पड़ोसी के घर पर ईंट-पत्थरों से हमला करवा दिया और विरोध करने पर मकान मालिक की पिटाई कर दी। हमले में 48 वर्षीय भूपेंदर गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित भूपेंदर ने बताया कि होली से एक दिन पहले उनका पड़ोसी अपने घर की दीवार में ड्रिल मशीन से कील लगा रहा था, जिसकी तेज आवाज उनके घर तक आ रही थी। अगले दिन सुबह जब उन्होंने उसे ड्रिल मशीन चलाने से मना किया तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। उस समय आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवा दिया और दोनों अपने-अपने घर चले गए। भूपेंदर के अनुसार कुछ देर बाद पड़ोसी साहिल ने करीब 15 से 20 युवकों को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि सभी युवकों ने मिलकर उनके घर पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। शोर सुनकर जब भूपेंदर बाहर आए तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उन्हें गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश होकर गिर पड़े। घटना के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। परिजनों ने घायल भूपेंदर को तुरंत अस्पताल पहुंचाकर इलाज करवाया और मामले की सूचना थाना जमालपुर पुलिस को दी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *