भास्कर न्यूज | अमृतसर होली के त्योहार का उत्साह खत्म होने के बाद अब कुछ दिनों के बाद चैत्र नवरात्रि होंगे। यह नवरात्रि 19 से शुरू होकर 27 मार्च तक चलेंगे। चैत्र महीने की शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से नवरात्र की शुरुआत होती है। इन 9 दिनों में भक्त मां दुर्गा के 9 अलग-अलग स्वरूपों की पूजा करते हैं। इन 9 दिनों में मां दुर्गा के 9 रूपों, मां शैलपुत्री, मां ब्रह्मचारिणी, मां चंद्रघंटा, मां कुष्मांडा, मां स्कंदमाता, मां कात्यायनी, मां कालरात्रि, मां महागौरी और मां सिद्धिदात्री की पूजा की जाती है। वहीं इस बार मां दुर्गा का आगमन डोली यानि पालकी पर होगा और प्रस्थान मुर्गा पर होगा। चैत्र नवरात्रि की शुरुआत 19 मार्च से हो रही है। इस दिन घटस्थापना करके 9 दिनों का यह पावन पर्व शुरू होगा। इन दिनों में मंदिरों और घरों में विशेष पूजा-पाठ, भजन-संकीर्तन और व्रत रखे जाते हैं। माडल टाउन के पंडित राम अवतार शास्त्री के मुताबिक इस साल चैत्र नवरात्रि 19 मार्च से शुरू हो रहे हैं। जबकि इसी दिन हिंदू नव विक्रम संवत 2083 का भी आरंभ होगा। शक्ति की देवी मां दुर्गा का अपने घर में आह्वान और स्वागत करने को घट स्थापित किया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कलश को ब्रह्मांड का प्रतीक और उसमें सभी देवी-देवताओं का वास माना जाता है। चैत्र नवरात्र में घटस्थापना के समय प्रतिपदा तिथि प्रारंभ 18 मार्च को रात 9:34 बजे से प्रतिपदा तिथि समाप्त 19 मार्च रात 10:15 बजे तक रहेगी। इसलिए घटस्थापना 19 मार्च सुबह 6:11 से 8:35 तक कर सकते हैं। इसके लिए अभिजीत मुहूर्त दोपहर 12:05 से 12:53 तक रहेगा।


