जनसमस्या निवारण शिविर, मौके पर ही समाधान

भास्कर न्यूज | रायगढ़ विकासखंड धरमजयगढ़ के तहसील मुख्यालय कापू स्थित मिडिल स्कूल प्रांगण में जिला प्रशासन द्वारा प्रशासन पहुंचेगा जनता के द्वार अभियान के तहत जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। सुदूर वनांचल क्षेत्र के ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचे और अपनी शिकायतें एवं आवेदन प्रस्तुत किए। कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शिविर का अवलोकन कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुँचाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे। शिविर में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, कृषि, ग्रामीण यांत्रिकी, लोक निर्माण, पीएमजीएसवाई, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, आदिवासी विकास, वन, समाज कल्याण, श्रम, मछली पालन और पशुधन विकास जैसे विभागों के स्टॉल लगाए गए। स्वास्थ्य विभाग ने 170 लोगों की निशुल्क जांच की, 35 लोगों की टीबी जांच, 100 महिलाओं की एनसीडी जांच और 83 लोगों को दवा वितरण की। 7 से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड और 40 आधार कार्ड बनवाए गए। लाभान्वित हितग्राहियों में प्रधानमंत्री आवास योजना के 5 लाभार्थी, महिला स्व-सहायता समूह कुमरता को 2 लाख रुपये और जयभीम समूह कापू को 2.50 लाख रुपये की सहायता शामिल रही। 10 बच्चों को स्थायी जाति प्रमाण पत्र, 15 किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड और 20 से अधिक हितग्राहियों को राशन कार्ड वितरित किया गया। मत्स्य विभाग ने मछली जाल और आईस बॉक्स प्रदान किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *