बैकुंठपुर | कोरिया जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मनसुख देवानीबांध में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाते हुए नगदी और जेवरात सहित करीब 35 हजार के मशरुका पर हाथ साफ कर दिया। प्रार्थी विजय यादव ने बताया कि 2 मार्च की सुबह करीब 8 बजे वह अपने परिवार के साथ घर पर ताला लगाकर सड़क किनारे स्थित अपने नए मकान चले गए थे। इसी बीच सुबह 10 से 12 बजे के दौरान चोरों ने उनके पुराने घर का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया। चोरों ने अलमारी खंगालकर 25 हजार नकद और सोने-चांदी के जेवरात (मंगलसूत्र, पायल, बिछिया, चूड़ी आदि) चोरी कर लिए। परिजनों के लौटने पर घटना का पता चला, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।


