पोती को बातों में उलझाया, फिर दादी के कान की बालियां झपट लुटेरे हुए फरार

भास्कर न्यूज | जालंधर करतारपुर के आर्य नगर इलाके में दिनदहाड़े स्नैचिंग की वारदात सामने आई है। दो बाइक सवार लुटेरों ने छोटी बच्ची को बातों में उलझाकर उसकी दादी के कानों से सोने की बालियां झपट लीं और मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। घटना गली में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। मिली जानकारी के अनुसार, आर्य नगर निवासी सुरेंद्र कौर (पत्नी बृज लाल) अपनी पोती के साथ घर के बाहर गली में मौजूद थीं। बच्ची पास ही खेल रही थी कि तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां आए। लुटेरों ने बच्ची का ध्यान भटकाने के लिए उससे बातें करना शुरू कर दिया। पीड़ित बच्ची ने आपबीती सुनाई, दो अंकल बाइक पर आए और मेरे गालों को हाथ लगाने लगे। उन्होंने मुझसे कहा कि तुम्हारी स्कूटी कितनी सुंदर है। मैं उनकी बातों में लग गई, और जैसे ही दादी मेरे करीब आईं, उन्होंने झपट्टा मारकर उनके कान की बालियां खींच लीं। जैसे ही लुटेरों ने बालियां झपटीं, सुरेंद्र कौर और बच्ची ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए, लेकिन तब तक तेज रफ्तार बाइक सवार लुटेरे आंखों से ओझल हो चुके थे। हालांकि, लुटेरों की यह पूरी करतूत गली में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह योजनाबद्ध तरीके से बदमाशों ने पहले बच्ची को दुलारा और फिर बुजुर्ग महिला को अपना निशाना बनाया। थाना प्रभारी रमन कुमार ने बताया कि पुलिस टीम इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इलाके में गश्त बढ़ाई जाए, ताकि ऐसी घटनाओं पर लगाम लग सके। वहीं, स्थानीय लोगों ने कहा कि एक हफ्ते में 7वीं वारदात है। कुछ दिन पहले एक ही रात में 7 दुकानों को चोरों ने निशाना बनाया था। उन चोरों को अभी तक पुलिस ट्रेस नहीं कर पाई है। वहीं हर दूसरे दिन इलाके में चोरी व लूट की घटनाएं हो रही हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *