चित्तौड़गढ़ में घरेलू और कॉमर्शियल गैस सिलेंडर दोनों महंगे:अब 934 रुपए में मिलेगा घरेलू गैस सिलेंडर, 25 दिन बाद ही हो सकेगी बुकिंग

चित्तौड़गढ़ में शनिवार से घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी हो गई है। तेल कंपनियों ने घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 60 रुपए और कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 125 रुपए की बढ़ोतरी की है। नई दरें लागू होने के बाद चित्तौड़गढ़ जिले में घरेलू गैस सिलेंडर अब पहले से महंगा हो गया है। पहले जहां एक घरेलू गैस सिलेंडर 874 रुपए में मिल रहा था, अब वही सिलेंडर 934 रुपए में मिलेगा। यानी एक सिलेंडर पर उपभोक्ताओं को अब 60 रुपए ज्यादा खर्च करने होंगे। इस बढ़ोतरी का सीधा असर आम लोगों के घर के बजट पर पड़ेगा, क्योंकि रसोई में गैस सिलेंडर का इस्तेमाल हर घर में होता है। कॉमर्शियल सिलेंडर भी हुआ महंगा घरेलू गैस सिलेंडर के साथ-साथ कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई है। कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 125 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। पहले चित्तौड़गढ़ में कॉमर्शियल सिलेंडर 1787 रुपए में मिल रहा था, लेकिन अब इसकी नई कीमत 1912 रुपए हो गई है। कॉमर्शियल गैस सिलेंडर का इस्तेमाल ज्यादातर होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक कामों में किया जाता है। ऐसे में कीमत बढ़ने से होटल और छोटे व्यापारियों पर भी असर पड़ेगा। तीनों गैस कंपनियों पर लागू होगी नई दर गायत्री गैस सर्विस के मालिक डॉ. रूपेश कलंत्री ने बताया कि सरकार के आदेश के बाद तेल कंपनियों ने गैस सिलेंडर की नई कीमतें लागू कर दी हैं। यह नई दरें तीनों प्रमुख गैस कंपनियों पर लागू होंगी। इनमें HP, इंडेन और भारत गैस शामिल हैं। यानी इन तीनों कंपनियों के गैस उपभोक्ताओं को अब नई कीमत के अनुसार ही सिलेंडर मिलेगा। उन्होंने बताया कि घरेलू सिलेंडर के मुकाबले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर में ज्यादा बढ़ोतरी की गई है। ऐसे में जिन लोगों का काम कॉमर्शियल सिलेंडर पर चलता है, उनके खर्च में ज्यादा बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। बुकिंग के नियमों में भी किया गया बदलाव गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने के साथ ही बुकिंग के नियमों में भी बदलाव किया गया है। डॉ. रूपेश कलंत्री ने बताया कि अब गैस सिलेंडर की बुकिंग के लिए तय समय का अंतराल बढ़ा दिया गया है। पहले उपभोक्ता कम समय में भी दोबारा बुकिंग कर सकते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। नए नियम के अनुसार अब एक सिलेंडर लेने के बाद दूसरे सिलेंडर की बुकिंग करने के लिए कम से कम 25 दिन का इंतजार करना होगा। यानी 25 दिनों से पहले दोबारा गैस सिलेंडर की बुकिंग नहीं हो सकेगी। इस नए नियम से कुछ उपभोक्ताओं को परेशानी भी हो सकती है, खासकर उन परिवारों को जिनमें गैस का इस्तेमाल ज्यादा होता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *