श्रीगंगानगर के पदमपुर में निजी स्कूल संचालक पर हुए हमले के विरोध में शुक्रवार को शिक्षकों ने रोष मार्च निकाला। स्कूल संचालक संपूर्णदित्य कौशिक पर 5 मार्च की शाम को तीन बाइक सवार हमलावरों ने हमला किया था। कौशिक स्कूल से घर लौट रहे थे, तब आर्मी टावर के पास तीन अज्ञात बाइक सवारों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और सीसीटीवी फुटेज खंगाली। अब हमलावरों की तलाश जारी है। दो दर्जन से ज्यादा निजी स्कूलों के प्रतिनिधियों ने संदीप भयाना के नेतृत्व में रोष मार्च निकाला। उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की। मार्च में अशोक कुमार, मनीष परनामी, मनोज जिंदल, बेगराज जाखड़, विक्रम बिश्नोई और डॉक्टर अरुण शर्मा समेत कई शिक्षक शामिल हुए। शिक्षकों का कहना है कि यह घटना पूरे समाज के लिए चिंता का विषय है। इससे शिक्षण संस्थाओं के संचालकों और शिक्षकों की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि हमलावरों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए। इससे भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सकेगी।


