झालावाड़ में जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आरसेटी सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक मिनी सचिवालय के सभागार में हुई। कलेक्टर ने बताया कि पीएनबी आरसेटी प्रशिक्षण केंद्र लोगों को विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण दे रहा है। प्रशिक्षण के बाद बैंकों के माध्यम से ऋण दिलाकर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने बैंकर्स से आग्रह किया कि प्रशिक्षित आवेदकों के ऋण आवेदनों को सकारात्मक दृष्टि से देखें। पीएनबी आरसेटी के निदेशक चन्द्रशेखर सुमन ने प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। वित्तीय वर्ष 2024-25 में 31 दिसंबर तक 23 प्रशिक्षण कार्यक्रमों में 731 बेरोजगार युवक-युवतियों को प्रशिक्षण दिया गया। इस अवधि में स्वीकृत बजट 86.27 लाख के खिलाफ 45.62 लाख रुपए का व्यय किया गया। बैठक में रिजर्व बैंक की अग्रणी जिला अधिकारी मृदुला माहेश्वरी, सेंट्रल बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक गौरव त्यागी और बड़ौदा राजस्थान क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक सत्यनारायण बैरवा मौजूद रहे। जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक आशुतोष कुमार और नाबार्ड के डीडीएम वासुदेव मीना भी बैठक में शामिल हुए।


