जयपुर के 3 बिजनेसमैन के 22 ठिकानों पर छापे:बहरोड़ में बिल्डर का ऑफिस बंद मिला; 12 घंटे तक बाहर बैठे रहे आयकर अधिकारी

जयपुर सहित राजस्थान के तीन शहरों में शुक्रवार सुबह इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की टीमों ने छापेमारी की। यह कार्रवाई कारपेट, बिल्डर और कार्गो सर्विस फर्म से जुड़े जयपुर के 3 बिजनेसमैन के 22 ठिकानों पर की गई। बहरोड़ में बिल्डर के ऑफिस में रेड मारने के लिए आयकर विभाग की टीम को 12 घंटे से ज्यादा इंतजार करना पड़ा। सुबह 6 बजे छापा मारने के लिए आशादीप बिल्डर्स के ऑफिस पहुंचे विभाग के 7 से 8 अधिकारी और कर्मचारी ऑफिस के गेट के बाहर गाड़ी में बैठे रहे। शाम करीब 6:45 बजे ऑफिस खोला गया। इसके बाद आयकर विभाग की टीम ऑफिस के अंदर पहुंची और दस्तावेजों की जांच शुरू की। दरअसल, इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की टीमें जयपुर, लालसोट और बहरोड़ में आशादीप बिल्डर्स, प्रेम कार्गो लॉजिस्टिक और पर्शियन कारपेट्स के ठिकानों पर सर्च कर रही हैं। बिजनेसमैन अनिल गुप्ता, अशोक पाटनी और शब्बीर खान के जयपुर स्थित ब्रह्मपुरी, बजाज नगर व बापू नगर में स्थित घरों पर भी सर्च किया। बहरोड़ में बिल्डर का ऑफिस बंद, 12 से ज्यादा घंटे बैठी रही टीम
बहरोड़ में नेशनल हाईवे पर आशादीप बिल्डर्स की उपवन सोसाइटी में आयकर विभाग की टीम सुबह करीब 7 बजे ही पहुंच गई थी। इंडस्ट्रियल एरिया के पास स्थित सोसाइटी के मेन गेट पर स्थित ऑफिस बंद मिला। सोसाइटी के अंदर टैक्सी नंबर की दो गाड़ियों में आयकर विभाग के अधिकारी बैठे रहे। अधिकारी ऑफिस खुलने के इंतजार में थे, लेकिन सोसाइटी के कर्मचारियों को भनक लगने पर वो ऑफिस खोलने ही नहीं पहुंचे। शाम करीब 6:45 बजे ऑफिस खोला गया। इसके बाद आयकर विभाग की टीम ऑफिस के अंदर पहुंची और दस्तावेजों की जांच शुरू की। करोड़ों रुपए की टैक्स चोरी का अंदेशा
सूत्रों के मुताबिक, आईटी डिपार्टमेंट की टीमों ने टैक्स चोरी को लेकर तीनों बिजनेसमैन के 22 ठिकानों पर सुबह करीब 7 बजे एक साथ छापेमारी शुरू की। जयपुर में 19, लालसोट में 2 और बहरोड़ में एक ठिकाने पर रेड डाली गई है। कार्रवाई में बेनामी संपत्ति से संबंधित डॉक्युमेंट, कैश और बैंक लॉकर की जानकारी मिली है। जिसका सत्यापन किया जा रहा है। इनकम टैक्स विभाग ने इस छापेमारी में करोड़ों रुपए के इनकम टैक्स चोरी का खुलासा होने की संभावना जताई है। तीनों ग्रुप का है कनेक्शन
इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के सूत्रों के मुताबिक, पिछले काफी समय से सूचना मिल रही थी कि तीनों ग्रुप से जुड़े बिजनेसमैन लंबे समय से टैक्स चोरी कर रहे हैं। आईटी विभाग की इन्वेस्टिगेशन टीम की जांच के बाद रेड की कार्रवाई को अंजाम दिया गया। इनकम टैक्स विभाग की जांच में यह भी सामने आया है कि तीनों ग्रुप आपस में एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। इसके बाद डिपार्टमेंट की ओर से तीनों समूहों से जुड़े ठिकानों पर कार्रवाई की गई। दौसा में कारपेट व्यापारी के ठिकानों पर रेड मारी
दौसा के लालसोट में अशोक पाटनी के चाचा प्रकाश चंद पाटनी के आवास पर भी आयकर विभाग ने छापेमारी की है। कार्रवाई के दौरान पाटनी हाउस के मेन गेट पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। जानकारी के अनुसार, प्रकाश चंद पाटनी के भी कई व्यवसाय हैं। वे कारपेट के बड़े व्यापारी हैं। उनका एक पेट्रोल पंप और अनाज मंडी में आढ़त की दुकान है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *